अक्षय खन्ना की हीरोइन, ब्लॉकबस्टर देकर करियर के पीक पर छोड़ दी एक्टिंग, अब दुबई में बेचती हैं लग्जरी विला
बॉलीवुड
में एक से बढ़कर एक चेहरे आए और चले गए, लेकिन कुछ कहानियां ऐसी होती हैं जो आज भी लोगों को हैरान कर देती हैं। ऐसी ही एक कहानी है अक्षय खन्ना की फिल्म हंगामा से चमकी एक्ट्रेस रिमी सेन की, जो करियर के बिल्कुल पीक पर फिल्मों को अलविदा कहकर अचानक गायब हो गई थीं। अब वही रिमी सेन दुबई में रहती हैं और वहां लग्जरी विला और प्रॉपर्टी बेचने का काम करती हैं।
हंगामा से मिली पहचान, फिर लगातार मिलती गई हिट फिल्में
रिमी सेन ने साल 2003 में प्रियदर्शन की कॉमेडी फिल्म हंगामा से बॉलीवुड में कदम रखा था, जिसमें उनके सामने अक्षय खन्ना थे। इस फिल्म में उनकी मासूमियत और कॉमिक टाइमिंग को दर्शकों ने इतना पसंद किया कि देखते ही देखते वह इंडस्ट्री की टॉप एक्ट्रेसेस में शामिल हो गईं। इसके बाद रिमी ने जॉन अब्राहम के साथ ब्लॉकबस्टर धूम, अक्षय कुमार के साथ फिर हेरा फेरी और गरम मसाला, अजय देवगन के साथ गोलमाल फन अनलिमिटेड और सलमान खान के साथ क्योंकि जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया। अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी के साथ बागबान में भी वह नजर आईं, साथ ही जॉनी गद्दार जैसी क्रिटिकली एक्लेम्ड थ्रिलर का भी हिस्सा बनीं।
पीक पर थीं, फिर भी छोड़ दी फिल्मी दुनिया
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जब रिमी का करियर पूरी रफ्तार पर था और लगातार ऑफर मिल रहे थे, तभी उन्होंने खुद ही एक्टिंग छोड़ने का फैसला कर लिया। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उन्हें ज्यादातर एक जैसी कॉमेडी भूमिकाएं मिल रही थीं और काम में दिलचस्पी खत्म हो रही थी। रिमी ने यह भी कहा कि उन्होंने करियर की शुरुआत ही टॉप ब्रैकेट से की थी, इसलिए आगे बढ़ने की गुंजाइश उन्हें कम नजर आने लगी। उन्होंने इंडस्ट्री में महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव पर भी बात की, कहा कि सलमान खान और शाहरुख खान जैसे हीरो दशकों बाद भी लीड रोल कर रहे हैं, लेकिन एक्ट्रेसेस को उम्र बढ़ने पर मां जैसे छोटे किरदारों तक सीमित कर दिया जाता है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें